रायगढ़(ईएमएस)। जिले में एक युवती को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया है। आरोपी युवक ने सारंगढ़ कलेक्ट्रेट में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 3 लाख 38 हजार 500 रुपए ऐंठ लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता पद्मनी यादव (27 वर्ष), निवासी ग्राम कोतरा ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान भतीजी के जरिए हरीश मिश्रा (निवासी बैकुंठपुर) से हुई थी। आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए फरवरी से मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में 3,08,500 रुपए और बाद में 30 हजार रुपए और ले लिए। आरोपी ने बार-बार आश्वासन देने के बाद भी नियुक्ति नहीं दिलाई और 20 मार्च को एक फर्जी नियुक्ति पत्र भेज दिया। इसके बाद उसने कलेक्ट्रेट में मिलने के लिए बुलाया, लेकिन मौके पर उसका मोबाइल बंद मिला और वह फरार हो गया। जब पीड़िता ने कलेक्ट्रेट में दस्तावेज की जांच कराई, तो नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी हरीश मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026