क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले में गंगरेल बांध मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां कार और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा रुद्री थाना क्षेत्र के मरादेव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी कार के नीचे जा घुसी, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, कार गंगरेल की ओर से आ रही थी, वहीं स्कूटी सवार युवक धमतरी के कर्मा चौक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और वे भी गंगरेल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर वरदान परामर्श सेवा समिति की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026