बिलासपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को जिला बिलासपुर शहर में भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस मौके पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल एवं पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में प्रात: 10 बजे भाजपा कार्यालय करबला में ध्वजारोहण किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक विभिन्न जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 6 अप्रैल को जहां पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण होगा, वहीं कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में भी भाजपा का ध्वज फहराकर उत्सव मनाएंगे। इसके साथ ही जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक ‘गांव-गांव, बस्ती-बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत बड़ी विधानसभा क्षेत्रों में कम से कम 50 गांवों तथा छोटी विधानसभा क्षेत्रों में 20 गांवों तक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी पहुंचकर आम जनता से संवाद स्थापित करेंगे। स्थापना दिवस के मद्देनजर भाजपा कार्यालय को आकर्षक झालरों, रोशनी और दीपों से सजाया गया है। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया जाएगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा कर लाभार्थियों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और संगठन की मजबूती में योगदान दें। मनोज राज 06 अप्रैल 2026