गुना (ईएमएस)। जिले के मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम बोरका खेड़ा में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार नीरज भील रविवार दोपहर खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करने गया था। इसी दौरान वह पास के तालाब में नहाने चला गया, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजन उसे खोजते हुए तालाब के पास पहुंचे, जहां उसके कपड़े और चप्पल किनारे पड़े मिले। इससे अंदेशा हुआ कि वह पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही मृगवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अंधेरा होने के कारण उसी दिन तलाश संभव नहीं हो सकी, जिसके बाद सोमवार सुबह राहत एवं बचाव के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार बालक का शव तालाब से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि नीरज अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे उसकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है। -सीताराम नाटानी