06-Apr-2026
...


- गोदामों से एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर रोक उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई नई दिल्ली (ईएमएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को एक बार फिर आश्वस्त किया है कि दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सुव्यवस्थित और नियंत्रण में है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और डिलीवरी व्यवस्था पर भरोसा करते हुए प्रशासन के साथ सहयोग करें। दिल्ली में एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए गोदामों से सिलेंडरों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सभी वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि गोदाम से सीधे सिलेंडर बेचना अवैध है और इस प्रकार की किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर में 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता में उल्लेखनीय विस्तार किया है। अब ये छोटे सिलेंडर वैध पहचान पत्र दिखाकर गैस एजेंसियों से आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं, इसके लिए पते के सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी। प्रवासी श्रमिकों को विशेष सुविधा देने के उद्देश्य से एचपीसीएल के चयनित आउटलेट्स पर 11 समर्पित हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जहां उन्हें नजदीकी एलपीजी वितरकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि एलपीजी आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न आए और सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे गैस एजेंसियों या भंडारण स्थलों पर जाने या भीड़ लगाने से बचें, क्योंकि बुक किए गए सभी एलपीजी सिलेंडर निर्धारित समय के भीतर सीधे घर तक पहुंचाए जा रहे हैं। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/अप्रैल /2026