राज्य
06-Apr-2026
...


- भाजपा का 46वां स्थापना दिवस: ‘कमलम’ में गूंजे राष्ट्रवाद के स्वर, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश - गांधीनगर में ध्वजारोहण, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की कार्यकर्ताओं को सीख - “राष्ट्र प्रथम, अनुशासन सर्वोपरि” गांधीनगर (ईएमएस)| आज 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना 46वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। गुजरात प्रदेश भाजपा द्वारा गांधीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पूरा परिसर केसरिया रंग में रंगा नजर आया और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा की उपस्थिति में पार्टी का ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के साथ ही पार्टी के गीतों और नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के संस्थापक नेताओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भाजपा की शून्य से शिखर तक की यात्रा को याद करते हुए उनके योगदान और बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भाजपा के संघर्षपूर्ण दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि आज जहां पोस्टर छपवाने के ऑर्डर दिए जाते हैं, वहीं एक समय ऐसा था जब कार्यकर्ता रात 2 बजे तक खुद पोस्टर लगाया करते थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या इतनी ही संख्या रोज़ कार्यालय में दिखती है या केवल चुनाव के समय?” उन्होंने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि जब कुछ न मिले तो शोर मचाना गलत है और भाजपा में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना सर्वोपरि है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो काम करता है उसी से गलती होती है, जो कुछ नहीं करता उसमें क्या कमी ढूंढनी। प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने भाजपा की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि 17 करोड़ से अधिक कार्यकर्ताओं वाली दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की गौरव यात्रा है। उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक के सफर और आपातकाल के दौर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने घरों को ही पार्टी कार्यालय बना दिया था और निस्वार्थ सेवा ही भाजपा की असली ताकत है। इस कार्यक्रम में कई विधायक, संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गांधीनगर ही नहीं, बल्कि पूरे गुजरात में जिला, तालुका और बूथ स्तर पर भी स्थापना दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सतीश/06 अप्रैल