क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र के बैरसिया थाना इलाके में पिता-पुत्र ने किसान के साथ बेरहमी से मारपीट कर बल्लम मारकर उसकी हत्या कर दी। बताया गया है की आरोपी और मृतक परिवार के खेत ग्राम रमगढ़ा गांव में आस-पास ही है। और खेत की मेढ़ को लेकर उनके बीच बीते काफी लंबे समय से विवाद चल रहा है। थाना पुलिस के अनुसार रमगढ़ा गांव के रहने वाले राजेश जोगी पिता रमेश जोगी (32) पेशे से खेती-किसानी करते थे। उनकी चार बेटियां है। राजेश जोगी के खेत के पास ही गॉव में ही रहने वाले गयाराम गुर्जर की खेती की जमीन है। दोनो परिवारो के बीच खेत की मेढ़ को लेकर बीते करीब चार साल से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर राजेश जोगी ने बीते समय गयाराम गुर्जर से मारपीट भी की थी। इसकी शिकायत बैरसिया थाने में की गई थी। इसी विवाद को लेकर चल रही कहासुनी के बीच बीती शाम करीब पांच बजे एक बार फिर दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के दौरान दोनो और से लाठी-डंडे और बल्लम से हमला किया गया। मारपीट के दौरान आरोपी गयाराम गुर्जर और उसके बेटे उत्तम गुर्जर ने राजेश जोगी पर बल्लम से घातक वार किया जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिये बैरसिया स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहॉ डॉक्टरो ने उसे शुरुआती चेकअप के बाद ही मृतक घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दी। बैरसिया पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद आरोपी गयाराम गुर्जर और उसके बेटे उत्तम गुर्जर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पिता-पुत्र की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानो पर दबिश दे रही है। जुनेद / 6 अप्रैल