क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


-रायगढ़ (ईएमएस)। शहर के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दुकान के भीतर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने पहले महिला के पति के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान में सामान खरीदने पहुंची थी। इसी दौरान एक ऑटो (CG 12 AY 5870) में सवार होकर आए आरोपियों ने महिला को अकेला पाकर जबरन दुकान के अंदर खींचने की कोशिश की। पति द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे पकड़कर जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी ऑटो में सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतरा रोड पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। प्रशिक्षु डीएसपी व थाना प्रभारी अजय नागवंशी के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई, जिसके बाद मुन्ना गिरी (27), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23), जागेश्वर पटेल (32) और पिंटू निषाद (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026