बिलासपुर (ईएमएस)। अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासंघ की छत्तीसगढ़ महिला इकाई, जिला बिलासपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक संत नामदेव सामुदायिक भवन, सरकंडा में आयोजित की गई। बैठक में समाज की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ आगामी कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज की जरूरतमंद महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई और बुनाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभावान और जरूरतमंद बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुषमा नामदेव ने की, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. ज्योति नामदेव ने महिलाओं का परिचय कराते हुए आगामी योजनाओं पर चर्चा रखी। बैठक में महिलाओं ने संगठन के गठन पर खुशी जताते हुए एकजुटता और आत्मनिर्भरता की दिशा में काम करने का संकल्प लिया। बैठक में वर्षभर की गतिविधियों जैसे होली मिलन, दीपावली मिलन और नामदेव जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण को लेकर भी संकल्प लिया गया। महिलाओं ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों को विभिन्न प्रशिक्षण देने का भी निर्णय लिया। इस अवसर पर समाज की कई महिलाओं ने अपने सुझाव दिए और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। मनोज राज 07 अप्रैल 2026