- ड्रमंण्डगंज बाजार में सिलेंडर का संकट गहराया, 20 किमी दूर से भी नहीं मिल पा रहा सिलेंडर मीरजापुर (ईएमएस)। हलिया विकास खंड के ड्रमंण्डगंज बाजार में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति पिछले दो माह से बाधित होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री पिंटू केसरी विशाल चौरसिया मनीष द्विवेदी नित्यम केसरी आरती सिंह ओमप्रकाश पटेल ने छानबे विधायक रिंकी कोल को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि ड्रमंण्डगंज बाजार में स्थित भारत गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को पिछले करीब दो महीने से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। पहले एजेंसी की गाड़ी नियमित रूप से गांवों में सिलेंडर पहुंचाती थी। लेकिन वर्तमान समय में न तो गाड़ी आ रही है और न ही आपूर्ति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए उन्हें लगभग 18 से 20 किलोमीटर दूर एजेंसी तक जाना पड़ता है। 20 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने के बावजूद सिलेंडर नहीं उपलब्ध हो पा रहा है। ऐसे में खासकर महिलाओं को खाना बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में लकड़ी-उपलों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विधायक से मांग की है कि जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर ड्रमंण्डगंज क्षेत्र में गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। - शशि भूषण दूबे कंचनीय/गिरजा शंकर त्रिपाठी / 11 अप्रैल /2026