नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अरुण जेटली स्टेडियम में 8 अप्रैल को होने वाले आईपीएल मैच को देखते हुए सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेनों का समय बढ़ाने का फैसला किया है। डीएमआरसी के इस एलान से मैच देखने के बाद के बाद घर लौटने वाले क्रिकेटप्रेमियों को घर जाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। साथ ही, उनकी यात्रा सुरक्षित भी रहेगी। अरुण जेटली स्टेडियम में 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) बनाम गुजरात टाइटंस (जीटी) का मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैच समाप्त होने के बाद स्टेडियम के पास स्थित दिल्ली गेट और आईटीओ मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए मेट्रो ने सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन का समय करीब 1 से 2 घंटे बढ़ाने का एलान किया है। इसके तहत मैच के दिन कुल 76 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाई जाएंगी। इससे दर्शक देर रात तक भी अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मैच के बाद स्टेशनों पर शांतिपूर्वक और अनुशासन बनाए रखें ताकि सभी को सुविधा मिल सके। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ अप्रैल /2026