07-Apr-2026


रांची(ईएमएस)।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग की बैठक मंगलवार को मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी की अध्यक्षता में हुई।इसमें चुनाव आयोग की एसआइआर प्रक्रिया को लेकर चिंता जतायी गयी और भाजपा पर विपक्षी समर्थकों के नाम मतदाता सूची से कटवाने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया। श्री मुंजनी ने कहा कि देशभर में भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से वोट चोरी का प्रयास कर रही है और अब झारखंड में भी इसी रणनीति को लागू करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर राज्य के मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से कटने नहीं देगी।बैठक में भाजपा की वोट कटवा नीति को बेनकाब करने के लिए राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. इसके तहत प्रत्येक प्रमंडल और जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की जायेगी। कार्यकर्ताओं और आम जनता को एसआइआर प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जायेगा। लोगों को अपना नाम विलोपन से बचाने के तकनीकी तरीकों की जानकारी दी जायेगी। बैठक में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव , सोनल शांति, कमल ठाकुर समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/07अप्रैल/26