रांची(ईएमएस)।प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा द्वारा राज्य सरकार पर लगाये गये वित्तीय कुप्रबंधन के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रदेश महासचिव आलोक दूबे और मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने संयुक्त रूप से पलटवार करते हुए कहा कि राज्य में विकास योजनाओं की धीमी गति का मुख्य कारण केंद्र द्वारा समय पर फंडिंग न करना है। श्री दूबे ने कहा कि भाजपा वास्तविकता को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जीएसटी क्षतिपूर्ति और केंद्रीय योजनाओं की राशि में देरी के कारण परियोजनाएं प्रभावित होती हैं, जिसे भाजपा गलत आंकड़ों के साथ प्रस्तुत कर रही है।विपक्ष शासित राज्यों के साथ केंद्र का भेदभावपूर्ण रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता को वित्तीय सवाल उठाने से पहले केंद्र के पास बकाया झारखंड के एक लाख 36 हजार करोड़ रुपये की याद दिला देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य का हक दबाकर बैठा है, फिर भी सरकार अबुआ आवास और मंईयां सम्मान जैसी योजनाओं से जनता को सशक्त कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पुरानी पेंशन योजना लागू कर सरकार ने कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया है और सीमित संसाधनों के बावजूद विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। कर्मवीर सिंह/07अप्रैल/26