- अनुशासन और समय की पाबंदी ही पार्टी को मजबूती प्रदान करती है - भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा अपने सिद्धांतों के प्रति दृढ़ होते हैं - अजय जामवाल भोपाल/शिवपुरी (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत शिवपुरी जिले के दिनारा, करैरा एवं सिरसौद मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का अनुशासन और समय की पाबंदी ही पार्टी को मजबूती प्रदान करती है। यह दोनों ही गुण पार्टी को न केवल राजनीतिक सफलता दिलाते हैं, बल्कि समाज में विश्वसनीयता और सम्मान भी प्राप्त कराते हैं। कार्यकर्ता जब अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों को निभाते हैं, तो पार्टी अपने उद्देश्य में सफल होती है। भाजपा के अनुशासन का सबसे बड़ा उदाहरण पार्टी का समय-समय पर किए गए परिवर्तन हैं, जो केवल पार्टी के लिए नहीं, बल्कि देश की राजनीति और समाज के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। कार्यकर्ता पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह से समर्पित रहना चाहिए। हमारी पार्टी का कार्यकर्ता हमेशा अपने सिद्धांतों के प्रति दृढ़ होता है और किसी भी परिस्थिति में इनसे समझौता नहीं करता। यही कारण है कि पार्टी हर चुनाव में सफलता प्राप्त करती है और निरंतर उन्नति करती है। कार्यकर्ता पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं और टीम भावना के साथ काम करते हुए पार्टी के उद्देश्यों को साकार करें। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन, सेवा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को गढ़ने की सतत प्रक्रिया है। समय-समय पर आत्मविश्लेषण कर संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जनता की सेवा के कार्यों के लिए पूरी तरह से समर्पित रहना भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान है। प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता देश को वर्ष 2047 तक परम वैभव तक पहुंचाने के लिए कार्य करें। हमारी सरकारें समाज के हर वर्गों के कल्याण व उत्थान में जुटी हैं भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि हमारे संगठन में प्रशिक्षण वर्ग सिर्फ एक अवसर नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर प्रक्रिया है जो कार्यकर्ता को बेहतर बनाने के साथ संगठन को भी मजबूती प्रदान करती है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और निष्ठा का संचार करना होता है, जिससे वे संगठन के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान और अधिक प्रभावी ढंग से दे सकें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सहित देश भर के विभिन्न राज्यों की भाजपा सरकारें गरीब वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाती हैं, ताकि समाज का कोई भी वर्ग पीछे न रहे। पार्टी का कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें और उन्हें भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करें। मंडल प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी डॉ. निशांत खरे, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, जिला प्रभारी नंदकिशोर नापित, नरेन्द्र बिरथरे, जिला अध्यक्ष जसमंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, विधायक रमेश खटीक, मधुसूदन भदौरिया, सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 07 अप्रैल, 2026