नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में फाक्सवैगन कंपनी अपनी पॉपुलर मिड-साइज एसयूवी फाक्सवैगन टायगुन के फेसलिफ्ट वर्जन को 9 अप्रैल को लॉन्च करने जा रही है। इस नए मॉडल के जरिए कंपनी अपने एसयूवी पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी में है। लॉन्च से पहले कंपनी ने इसका टीजर जारी किया है, जिसमें इसके नए डिजाइन और अपडेटेड फीचर्स की झलक देखने को मिली है। फेसलिफ्टेड टायगुन के एक्सटीरियर में कई अहम बदलाव किए गए हैं। इसमें स्लीक एलईडी हेडलाइट्स, कनेक्टेड एलईडी लाइट बार और इल्यूमिनेटेड फाक्सवैगन लोगो दिया गया है, जो इसे ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम लुक देता है। फ्रंट बंपर को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है, जिससे कार की रोड प्रेजेंस बेहतर हो गई है। टीजर में रेड फिनिश के साथ जीटी बैज भी नजर आया है, जो इसके स्पोर्टी वेरिएंट की ओर इशारा करता है। रियर प्रोफाइल में टेललैंप्स के डिजाइन में मामूली बदलाव और नया लाइटिंग पैटर्न देखने को मिलेगा। इंटीरियर की बात करें तो डैशबोर्ड का लेआउट पहले जैसा ही रहने की संभावना है, लेकिन मटेरियल क्वालिटी और फिनिश को बेहतर बनाया जाएगा। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा एयर कंडीशनिंग सिस्टम को भी अपग्रेड किया जा सकता है। सुदामा/ईएमएस 08 अप्रैल 2026