नई दिल्ली (ईएमएस)। रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 50 पैसे मजबूत होकर 92.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को दो सप्ताह के लिए स्थगित करने की घोषणा के बाद घरेलू मुद्रा को बल मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद जोखिम वाली परिसंपत्तियों में जोरदार खरीदारी देखी गई। एशियाई शेयर बाजार, डॉउ वायदा, सोना व चांदी में तेजी आई जबकि ब्रेंट कच्चा तेल 100 डॉलर से नीचे करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.92 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में मजबूत होकर 92.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 50 पैसे की बढ़त है। रुपया मंगलवार को 93.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.96 पर रहा। सतीश मोरे/08अप्रेल ---