अंतर्राष्ट्रीय
08-Apr-2026
...


इस्लामाबाद,(ईएमएस)। मध्य पूर्व में जारी सैन्य तनाव और सीजफायर की खबर आने से पहले पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार और क्रिकेट प्रशासक नजम सेठी ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इन देशों में ईरान का सामना करने की क्षमता या हिम्मत नहीं है और यदि वे युद्ध में शामिल होते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। एक साक्षात्कार के दौरान नजम सेठी ने कहा कि यूएई या सऊदी अरब ईरान के खिलाफ वह नहीं कर सकते, जो अमेरिका और इजरायल भी नहीं कर पाए। अगर ये देश केवल दिखावे के लिए कोई सैन्य कार्रवाई करते हैं, तो ईरान का जवाब बेहद प्रचंड और विनाशकारी होगा। उन्होंने आगे दावा किया कि यूएई पहले ही इस तनाव की कीमत चुका रहा है। उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक दुबई छोड़ चुके हैं और कई अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को वापस बुला लिया है। उन्होंने इसे संभावित बड़े संकट की शुरुआती स्थिति बताया। सेठी ने यह भी कहा कि सऊदी अरब और यूएई सीधे युद्ध में उतरने से बचना चाहते हैं और अन्य देशों को आगे करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इन देशों को सलाह दी कि वे शांति स्थापित करने की दिशा में काम करें, अन्यथा हालात और बिगड़ सकते हैं। गौरतलब है कि नजम सेठी को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का करीबी माना जाता है और वे उनके राजनीतिक सलाहकार भी रह चुके हैं। इस बीच, पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की कोशिशों में जुटा हुआ है। चूंकि अमेरिका और ईरान के बीच सीधे राजनयिक संबंध नहीं हैं, ऐसे में पाकिस्तान के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान किया जा रहा है। हालांकि, ईरान अब तक अमेरिका के अस्थायी संघर्ष विराम प्रस्तावों को दो बार खारिज कर चुका है, जिससे क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है। हिदायत/ईएमएस 08अप्रैल26