08-Apr-2026
...


- सेंसेक्स 2615 अंक उछला, निफ्टी 23800 के पार मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार के कारोबारी ‎दिन मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच शानदार शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत होता नजर आया। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक माहौल और एशियाई बाजारों में मजबूती का असर भारतीय बाजार पर साफ दिखाई दिया। खासतौर पर यूनाइटेड स्टेट और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा ने निवेशकों की चिंता को कम किया, जिससे बाजार में खरीदारी बढ़ी। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 3 प्रतिशत से अधिक उछलकर 77,000 के पार खुला। वहीं ‎‎निफ्टी 50 भी तेजी के साथ 23,800 के ऊपर पहुंच गया और 24,000 के करीब कारोबार करता नजर आया। शुरुआती कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांकों में मजबूत बढ़त बनी रही। बाजार की तेजी में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का भी अहम योगदान रहा। तेल की कीमतें घटने से भारत जैसे आयातक देश को राहत मिलती है, जिससे अर्थव्यवस्था और कंपनियों के मुनाफे पर सकारात्मक असर पड़ता है। इसके अलावा बाजार को समर्थन देने में बड़े शेयरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, लार्सन एंड ट्रुबों और ‎रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे दिग्गज शेयरों में खरीदारी से बाजार की तेजी को बल मिला। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक हालात स्थिर बने रहते हैं और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जारी रहती है, तो बाजार में आगे भी सकारात्मक रुझान देखने को मिल सकता है। सतीश मोरे/08अप्रेल ---