* मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से मुलाकात के साथ दौरे की शुरुआत, खेल स्थलों का किया जाएगा विस्तृत अध्ययन गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात में अहमदाबाद में 2030 में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की अहमदाबाद सहित कई शहरों में जोरों शोरों से चल रही पूर्व तैयारियों के निरीक्षण तथा अध्ययन के लिए कॉमनवेल्थ स्पोर्ट टीम पहली बार गुजरात की आधिकारिक यात्रा पर आई है। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे की अध्यक्षता में इस टीम के पांच सदस्य इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ 8 अप्रैल से 11 अप्रैल के दौरान गुजरात में ठहरेंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ गांधीनगर में शिष्टाचार भेंट से इस प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात यात्रा की शुरुआत की। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे और सीईओ सुश्री केटी सैडलेयर ने गुजरात में उन्हें मिले गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए प्रशंसा की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए टाइम बाउंड, क्वालिटेटिव तथा इफेक्टिव प्लानिंग के मंत्र को साकार करते हुए शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के लिए टीमवर्क से कार्य करते हुए इन खेलों का भव्य आयोजन करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। डोनाल्ड ने उल्लेख करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स के रूप में आयोजित होने जा रहे हैं, ऐसे में गुजरात को मिला इसका मेजबान पद अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और खेलों को दिए जा रहे प्रोत्साहन की सराहना की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कॉमनवेल्थ स्पोर्ट टीम और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन को विश्वास दिया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक सुविधाएं और इन्फ्रास्ट्रक्चर तेजी से उपलब्ध कराएगी। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट टीम के अध्यक्ष और सीईओ ने आगामी जुलाई 2026 से 2 अगस्त 2026 तक ग्लासगो में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स को देखने और वहां के कार्य-प्रबंधन के अध्ययन तथा निरीक्षण के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि गुजरात का प्रतिनिधिमंडल ग्लासगो कॉमनवेल्थ में भाग लेगा। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट टीम के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे ने गुजरात में आयोजित होने वाले 2030 के शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स को सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कराने वाला खेल उत्सव बनाने के लिए पारस्परिक टीमवर्क से कार्य करने की उत्सुकता दर्शाई। गुजरात की इस यात्रा के दौरान कॉमनवेल्थ स्पोर्ट डेलीगेशन आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के खेल स्थलों; अहमदाबाद का वीर सावरकर कॉम्प्लेक्स, नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, ईकेए एरेना तथा वडोदरा क्रिकेट स्टेडियम और एकता नगर - स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में पूर्व तैयारियों के निरीक्षण और अध्ययन के लिए साइट विजिट करेगा। इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ प्रधान सचिव अश्विनी कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात के महानिदेशक वाळा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सतीश/08 अप्रैल