जबलपुर, (ईएमएस)। गोहलपुर थानान्तर्गत कल रात लगभग सवा आठ बजे एक्टिवा से घर जा रही महिला बैंक कर्मी को गोहलपुर में अधारताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार यूपी पासिंग बस के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। घटना में स्कूटी समेत गिरने से महिला को गंभीर चोटे आयीं है वहीं बस का चालक मौके पर जमा भीड़ को देखकर वाहन छोड़कर भाग गया। सड़क हादसे में घायल महिला बैंक कर्मी को एक दुकानदार ने ईलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गोहलपुर पुलिस ने बताया कि रेतनाका ग्वारीघाट निवासी श्रीमती मधु यादव पंजाब नेशनल बैंक रद्दी चौकी शाखा में कार्यरत हैं। कल रात लगभग सवा आठ बजे शाखा से अपनी एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एसएच 5047 पर सवार होकर घर जाने निकली थी तभी रद्दी चौकी से गोहलपुर की ओर जाने वाली सड़क पर अधारताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस यूपी 22 टी 6193 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए एक्टिवा को टक्कर मार दी। घटना में गाड़ी समेत गिरने से बैंक कर्मी मधु यादव को हाथ-पैर व माथे में गंभीर चोटे आयीं है। घटना के बाद बस चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। घायल महिला बैंक कर्मी को समीप ही एक दुकानदार ने ईलाज के लिए विधान मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया है। सुनील साहू / मोनिका / 08 अप्रैल 2026/ 01.44