नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग के दोहरीकरण की तैयारी तेज हो गई। इसके लिए अंतिम मार्ग निर्धारण सर्वेक्षण का काम चल रहा है। इस मार्ग के दोहरीकरण से गाजियाबाद के अलावा मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर के लोगों का सफर आसान हो सकेगा। अभी इस रेल खंड पर सिंगल लाइन होने से ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए स्टेशन पर खड़ा करना पड़ता है। दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग व्यस्त रेलखंड में आता है। करीब 175 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड से रोजाना कई प्रमुख ट्रेन के साथ अन्य पैसेंजर ट्रेन का भी संचालन होता है। पिछले साल रेलमंत्री ने इसके दोहरीकरण की घोषणा की थी। इसका निर्माण तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दिल्ली-शाहदरा से शामली के बीच दोहरीकरण के लिए अंतिम निर्धारण सर्वेक्षण का कार्य रेलवे तेजी से कर रहा है। रेल मंत्रालय ने इस 87 किलोमीटर लंबे रेल खंड के अंतिम चरण के सर्वे के लिए बजट भी स्वीकृत कर दिया। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ अप्रैल /2026