08-Apr-2026
...


दंतेवाड़ा(ईएमएस)। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) वरुण नागेश पर विभाग की महिला कर्मचारियों द्वारा अश्लील व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। कल महिला कांग्रेस की जांच टीम सखी सेंटर और संबंधित विभाग में पहुंची, जहां सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए और कलेक्टर से डीपीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। आज तुलिका कर्मा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीपीओ वरुण नागेश का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “महिला का शोषण बंद करो”, “वरुण नागेश इस्तीफा दो” और “शासन-प्रशासन होश में आओ” जैसे नारे लगाए। तुलिका कर्मा ने कहा कि यह मामला केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे महिला समाज के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला कांग्रेस कलेक्ट्रेट घेराव करेगी। महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने कहा कि जांच पूरी पारदर्शी हो और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुतला दहन के दौरान महिला कांग्रेस और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन अंततः जूतों से सजे वरुण नागेश का पुतला सफलतापूर्वक जलाया गया। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा सोरी, पार्षद राधा नाग, जिला महासचिव अविनाश सरकार, गायन सिंह, वेदांत, कविश और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026