ट्रेंडिंग
08-Apr-2026
...


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी जयपुर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान के बालोतरा में मौजूद पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले है। यह ग्रीनफील्ड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी साझा कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के राज्य दौरे पर गर्व जाहिर किया। उन्होंने कहा, यह अत्यंत सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन करने के लिए राजस्थान की धरती पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री शर्मा ने पोस्ट में कहा,मुझे यह जानकारी देकर अत्यंत हर्ष और गर्व की अनुभूति हो रही है कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, हम सभी के मार्गदर्शक प्रधानमंत्री मोदी 21 अप्रैल 2026 को पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण के लिए वीरधरा राजस्थान पधार रहे हैं। यह रिफाइनरी मारवाड़ सहित पूरे राजस्थान के आर्थिक कायाकल्प और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाली भाग्यरेखा सिद्ध होगी। प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान की समस्त जनता की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। गौरतलब है कि यह रिफाइनरी एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम है। पचपदरा रिफाइनरी देश की सबसे आधुनिक रिफाइनिंग सुविधाओं में से एक है और बीएस-वीआई मानकों का पूर्णतया पालन करती है। विशेषता यह है कि इस साइट पर रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल संयंत्र दोनों एक साथ विकसित किए जा रहे हैं। जीरो लिक्विड एफ्लुएंट डिस्चार्ज परियोजना के रूप में डिजाइन की गई परियोजना सुनिश्चित करती है कि कच्चे तेल के शोधन प्रक्रिया के दौरान कोई तरल अपशिष्ट उत्सर्जित न हो, जो पर्यावरण संरक्षण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रिफाइनरी की वार्षिक कच्चे तेल प्रसंस्करण क्षमता नौ मिलियन टन है, साथ ही इसमें दो मिलियन टन क्षमता वाला एक एकीकृत पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भी है। करीब 80,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित परियोजना से बड़े पैमाने पर रोजगार के मौके पैदा होने और आर्थिक गतिविधियों को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। शोधन प्रक्रिया और पेट्रो-आधारित उत्पादों के उत्पादन से क्षेत्र में माल ढुलाई में वृद्धि होगी। इस विकास को गति देने के लिए बालोतरा और पचपदरा के बीच संपर्क को पुनर्जीवित करने की योजनाएं चल रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 28 फरवरी को अजमेर का दौरा किया था। वे पिछले दो महीनों में दूसरी बार राजस्थान का दौरा कर रहे हैं। अजमेर दौरे के दौरान उन्होंने राज्य भर में 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। आशीष दुबे / 08 अप्रैल 2026