08-Apr-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में रबी सीजन की तैयार फसलों पर आफत बनकर टूटी आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने बड़ा कहर बरपाया है। खेतों में फसलें बिछ गईं। किसान मायूस हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित किसानों को राहत देने के लिए बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नुकसान का सर्वेक्षण करके 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों की मदद की जाए। सीएम ने बंटाईदारों का भी ख्याल रखा है। उन्होंने कहा कि बंटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी मुआवजा मिले। गौरतलब है कि यूपी में कई दिनों से मौसम बिगड़ा है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक ओलावृष्टि और असमय बारिश ने गेहूं समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। मंगलवार रात भी आंधी-बारिश हुए। इसी संबंध में सीएम ने बुधवार को एक अधिकारियों की एक आपात मीटिंग बुलाई। अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर प्रभावित किसान की मदद की जाए। बंटाईदार हो या खुद की जमीन पर खेती करने वाले किसान। उनके नुकसान का सर्वे करके क्षतिपूर्ति दी जाए। विशेष बात ये है कि इसमें किसी भी तरह की देरी न हो, बल्कि 24 घंटे के अंदर क्षतिपूर्ति की भरपाई कराएं। सीएम योगी ने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार अन्नदाताओं के साथ है। राहत कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। हर प्रभावित किसान तक सहायता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह का भेदभाव न रहे। निष्पक्ष तरीके से सबके नुकसान का आकलन करके क्षतिपूर्ति दिलाएं। पात्र लाभार्थियों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत शीघ्र लाभान्वित किया जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंधी-बारिश के कारण जिन लोगों के मकान गिर गए हैं या क्षतिग्रस्त हुए हैं। उनका सर्वे करें। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ऐसे पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर आवास मुहैया कराएगा जाए। जितेन्द्र 08 अप्रैल 2026