08-Apr-2026


बरेली (ईएमएस)। यूपी के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में कक्षा छह की छात्रा से साइबर कैफे में दो बार दुष्कर्म किया गया। कैफे संचालक समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कैफे सील कर दिया। पुलिस ने कैफे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी कब्जे में ली है, जिससे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को पीड़िता के चाचा द्वारा दी गयी तहरीर के अनुसार उनकी भतीजी 16 साल की है और एक मदरसे में छठी कक्षा में पढ़ रही है। उसे खजुरिया गांव निवासी असद हैदर 19 मार्च को फुसलाकर जादौंपुर स्थित कैफे पर ले गया। आरोप है कि कैफे की छत पर बने कमरे में उनकी भतीजी से दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। शिकायत पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भगा दिया। ताऊ के मुताबिक उनकी भतीजी ने डर की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया। दो अप्रैल को वह स्कूल में अपना अंकपत्र लेने जा रही थी। इस दौरान चांद नाम का युवक मिल गया। वह छात्रा को बाइक पर बैठाकर उसी कैफे में ले गया। वहां असद हैदर समेत छह युवक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि सभी युवकों ने उनकी भतीजी से दुष्कर्म किया। किसी से शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। इस बार छात्रा की हालत बिगड़ गई। उसने परिजनों से दवाई दिलाने को कहा। ज्यादा पूछने पर छात्रा ने ताऊ को घटना के बारे में बताया। इसके बाद ताऊ उसे लेकर थाने पहुंचे। तहरीर के आधार पर खजुरिया निवासी असद हैदर उर्फ करन, चांद, समीर अहमद, बंटी, सैफी कैफे वाला और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जितेन्द्र 08 अप्रैल 2026