08-Apr-2026


कानपुर (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग भाजपा से मिला हुआ है। मतदाताओं के वोट काटने की साजिश हो रही है। मतदाताओं का वोट काटकर भय पैदा किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने फर्जी दस्तखत से वोट कटवाने वालों को पकड़ा लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को कानपुर के एक दिवसीय दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूट के सारे रिकार्ड तोड दिए है। कुछ समय पहले कोडीन सिरप का अवैध कारोबार और भ्रष्टाचार हो रहा था। इधर कानपुर में किडनी कांड चर्चा में है। भाजपा सरकार में अवैध कारोबार बढ़ता जा रहा है। इस सरकार में लोगों की किडनी निकाल ली जा रही है। गरीब अस्पतालों में जाने से डरने लगा है। भाजपा सरकार में हर कार्य में भ्रष्टाचार है। निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी हो रही है। बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे समेत प्रदेश की कई सड़कें ऐसी है जो उद्घाटन के साथ ही उखड़ और धंस गयी। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सीएम और पीएम दोनों के क्षेत्रों में खुलेआम गोलियां चल रही है, हत्याएं हो रही है। एनसीआरबी का आंकड़ा बताता है कि यूपी में महिलाएं-बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। बेटियों के साथ हर दिन अपराध की घटनाएं हो रही हैं। यूपी में कोई भी सुरक्षित नहीं है। यूपी में हर दिन गांजा पकड़ा जा रहा है। इस समय धुंआ-धुआंधर चल रहा हैं लगता है आने वाले समय में ओटीटी पर गांजागंज और धुंआ-धुआधार जैसी फिल्में आ जाएंगी। जितेन्द्र 08 अप्रैल 2026