08-Apr-2026


आम सभा में संगठन की मजबूती, एकता और भविष्य की दिशा को लेकर की विस्तृत चर्चा देहरादून (ईएमएस)। सनातन धर्म मंदिर में प्रदेशिक वाल्मीकि समाज कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शाखाओं के प्रधानों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभा के दौरान संगठन की मजबूती, एकता और भविष्य की दिशा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह बात प्रमुख रूप से सामने आई कि वर्ष 1970 से देहरादून में सक्रिय यह संगठन पिछले कुछ वर्षों से अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण के अस्वस्थ होने के कारण निष्क्रिय हो गया था। लेकिन उपाध्यक्ष सुरेश कुमार परेछा एवं समाजसेवी सोम प्रकाश वाल्मीकि के अथक प्रयासों से संगठन को पुनः सक्रिय और सशक्त बनाने का सराहनीय कार्य किया गया है, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुरेश कुमार परेछा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए संगठन की जिम्मेदारी निभाने में असमर्थता जताई और सभा में उपस्थित सभी सदस्यों की सहमति से सोम प्रकाश वाल्मीकि को अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया, जिसे स्वीकार किया गया। इस अवसर पर सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत से सोम प्रकाश वाल्मीकि को वाल्मीकि समाज कल्याण समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया। उनके चयन पर उपस्थित सभी लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा समाज के हित में और अधिक प्रभावी कार्य करेगा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/08 अप्रैल 2026