08-Apr-2026
...


सागर (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक जिला सागर श्री विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गोपालगंज श्री घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में थाना गोपालगंज पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के प्रकरण का सफल खुलासा कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।फरियादी संतोष कुशवाहा पिता जयराम कुशवाहा उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम हलऊ थाना खिमलासा जिला सागर द्वारा थाना गोपालगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 03 अप्रैल 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल पैशन प्लस क्रमांक MP 04 NR 1447 से अपनी रिश्तेदार को इलाज हेतु तिली अस्पताल सागर लेकर आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर के गेट के पास पार्किंग में खड़ी कर लॉक कर दी थी, परंतु शाम लगभग 05 बजे वापस आने पर उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी। रिपोर्ट पर थाना गोपालगंज में अपराध क्रमांक 167/2026 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गोपालगंज श्री घनश्याम शर्मा द्वारा टीम गठित की , टीम द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों का उपयोग करते हुए फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल को ले जाते हुए चिन्हित हुआ। संदिग्ध के हुलिए की पहचान कर पुलिस द्वारा क्षेत्र में अपने विश्वसनीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए अलग-अलग स्थानों पर निगरानी एवं तलाश अभियान प्रारंभ किया गया।लगातार की जा रही सघन तलाश एवं मुखबिर तंत्र की सक्रियता के परिणामस्वरूप पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि गोवर्धन मंदिर के पास ग्राउंड के समीप एक व्यक्ति उसी हुलिए का पैशन मोटरसाइकिल लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को पकड़ा गया।पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजेन्द्र उर्फ शैतान यादव पिता तुलसीराम यादव उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम मैनपानी थाना सिविल लाइन जिला सागर बताया। प्रारंभिक पूछताछ में ही आरोपी ने उक्त मोटरसाइकिल तिली अस्पताल सागर की पार्किंग से चोरी करना स्वीकार किया।पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल क्रमांक MP 04 NR 1447 को विधिवत जप्त किया गया आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।थाना गोपालगंज पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र की सक्रियता के कारण इस चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा संभव हो सका तथा चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस द्वारा क्षेत्र में अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। सराहनीय कार्य करने वाली टीम थाना प्रभारी गोपालगंज श्री घनश्याम शर्मा उपनिरीक्षक नीरज जैन प्रधान आरक्षक अनिलप्रभाकर प्रधान आरक्षक दीपक व्यास प्रधान आरक्षक कैलाश सेन प्रधान आरक्षक राजेंद्र आरक्षक अंकित तिवारी ,दशरथ मालवीय , नेकराम कौशल, चंद्रकांत, रणवीर, महेंद्र, भरत, हीरेंद्र ,थिरबम, चालक देवेंद्र पांडे का सराहनीय योगदान रहा। निखिल सोधिया/ईएमएस/08/04/2026