08-Apr-2026


* 9 अप्रैल तक छिटपुट बारिश की संभावना, 10 अप्रैल से तापमान में 3-4 डिग्री बढ़ोतरी के साथ तेज गर्मी का दौर शुरू अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में पिछले कुछ समय से मौसम के पैटर्न में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। आमतौर पर जहां गर्मियों के दौरान तेज और झुलसा देने वाली गर्मी पड़ती है, वहीं इस बार मौसम ने करवट लेते हुए कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ-साथ बेमौसम बारिश भी दर्ज की गई है। इस बदलाव ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन अब मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी फिर से गर्मी बढ़ने के संकेत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 9 अप्रैल तक हल्की और छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। खासतौर पर उत्तर गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 10 अप्रैल से मौसम एक बार फिर करवट लेगा और राज्य में गर्मी का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा। अनुमान है कि तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जिसके चलते लोगों को कड़ी और झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल के बाद राज्य में बारिश की किसी भी संभावना से साफ इनकार किया है। यानी आने वाले दिनों में शुष्क और गर्म मौसम का दौर शुरू होने वाला है। इससे खासकर दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर बढ़ सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस बीच, 11 अप्रैल को एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इस सिस्टम का असर गुजरात पर नहीं पड़ेगा। इसके चलते दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, लेकिन गुजरात पूरी तरह से इसके प्रभाव से बाहर रहेगा। कुल मिलाकर, गुजरात में फिलहाल हल्की राहत के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने वाली है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। सतीश/08 अप्रैल