समिति ने विभिन्न संगठनों से की 2027 में उत्तराखंडियों की सरकार बनाने में एकजुट होने की अपील देहरादून (ईएमएस)। मिशन उत्तराखंड 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य निर्माण आंदोलन की संघर्षशील ताकतों, जन संगठनों, क्षेत्रीय पार्टियों, बुद्धजीवियों को एकजुट करने के अभियान के तहत मिशन उत्तराखंड 2027 समन्वय समिति के सदस्यों ने दून में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में सशक्त राजनैतिक हस्तक्षेप करते हुए उत्तराखंड में उत्तराखंडियों की सरकार बनाने में एकजुट होने की अपील की। इस दौरान भाजपा व कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मिशन उत्तराखंड 2027 समन्वय समिति के सदस्य, राज्य आंदोलनकारी उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी, भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी के महासचिव ,अपर सचिव लोकायुक्त से रिटायर जेसी उप्रेती ने महिला मंच की संयोजिका कमला पन्त, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चे के अध्यक्ष बॉबी पवार, प्रमुख आंदोलनकारी सैनिक संगठन से जुड़े पी सी थपलियाल, शिक्षाविद एनएन पांडे, उत्तराखंड राज्य के सवालों को लेकर त्रिलोचन भट्ट, सामाजिक संस्था धाद के संस्थापक लोकेश नवानी , उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के कुलदीप मधवाल, सीपी शर्मा, एडवोकेट राजकुमार त्यागीआदि से मिलकर उत्तराखंड राज्य की दशा दिशा पर बातचीत की। इस अवसर पर सभी लोगों का मानना था कि इन 25 वर्षों में भाजपा कांग्रेस ने राज्य की अस्मिता स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ किया है तथा राज्य की अवधारणा से जुड़े सवालों के समाधान की दिशा में काम न कर करके उत्तराखंड को कॉरपोरेट माफिया और दलालों के हाथों सौंप दिया है। इस दौरान उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने कहा कि दून में मिशन उत्तराखंड 2027 को लेकर एक बैठक आयोजित की जाएगी जिसके आयोजन की जिम्मेदारी उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चे के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने ली है। इस अवसर पर मिशन उत्तराखंड 2027 सामान्य समिति के सदस्यों ने अपील की है कि जो भी साथी, संगठन विधानसभा चुनाव में हिस्सेदारी करना चाहते हैं। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/08 अप्रैल 2026