पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप-10 वांछित कुख्यात अपराधी शिव गोप उर्फ शिवजी प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई दीघा पुलिस थाना क्षेत्र में की गई, जहां से आरोपी को दबोचा गया। शिव गोप लंबे समय से फरार चल रहा था और जक्कनपुर पुलिस थाना कांड संख्या 469/18 में वांछित था। गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत कुल 9 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों का एक बड़ा चेहरा माना जाता था। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त रणनीति के तहत ऐसे कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस