औरंगाबाद, (ईएमएस)। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के विशेष अभियान दल ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाहरी राज्य से बिहार में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने अंबा पुलिस स्टेशन थाना, जिला औरंगाबाद के सहयोग से बुधवार दिनांक 08 अप्रैल को छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक 10 चक्का हाईवा ट्रक से लगभग 567 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद कर जब्त किया गया। इस दौरान मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार भी किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि ड्रग तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत साझा करें। इसके लिए MANAS हेल्पलाइन 1933 उपलब्ध है, जो 24×7 टोल-फ्री सेवा है। यहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। बहरहाल इस कार्रवाई को राज्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है और तस्करों में हड़कंप मच गया है। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस