राज्य
08-Apr-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का मुख्य उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद कर लोगों को उनकी कीमती संपत्ति लौटाना है। यह अभियान लगातार राज्यभर में चलाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत पटना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी और गुम हुए 100 मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी निगरानी और सतत जांच के माध्यम से विभिन्न स्थानों से इन उपकरणों को ट्रेस किया। इसके बाद सभी मोबाइल फोन को सत्यापन प्रक्रिया के तहत उनके असली धारकों को लौटाया गया। मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन वापस मिल पाएगा। यह पहल न सिर्फ लोगों का भरोसा बढ़ा रही है, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच संबंधों को भी मजबूत कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके और अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस