राज्य
08-Apr-2026


किशनगंज, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने फर्जी निवेश कंपनी बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में “फास्ट वर्ल्ड निधि लिमिटेड” नामक एक फर्जी कंपनी की स्थापना की गई थी। इस कंपनी के माध्यम से भोले-भाले लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर उनसे अलग-अलग किश्तों में कुल 81.83 लाख रूपये की ठगी की गई। ठगी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली, जब मुख्य आरोपी अफजल अहमद को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बतासिया थाना क्षेत्र, जोरबंगला से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ किशनगंज जिले के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी और गबन के छह से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी कंपनियों से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और किसी भी निवेश से पहले पूरी जानकारी लेना जरूरी है। साथ ही, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस