:: सौतेले भाई ने ही किया था भतीजे का अपहरण; फोन पर दी थी हत्या की झूठी खबर, छत से कूदकर भागने में आरोपी के हाथ-पैर टूटे :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही सौतेले भाई के बेटे का अपहरण कर लिया। हालांकि, इंदौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर अपहृत बालक को सही-सलामत बरामद कर लिया और मुख्य आरोपी को देवास से गिरफ्तार कर लिया है। फरियादी संजू बारोड़ ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके सौतेले भाई योगेश उर्फ शेरा ने उसके बेटे दीपक का हिमालया वेल्नेस कंपनी के पास से अपहरण कर लिया है। आरोपी ने संजू को फोन कर खौफनाक धमकी दी कि उसने दीपक की हत्या कर दी है और लाश को क्षिप्रा नदी में फेंक दिया है। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। :: देवास में घेराबंदी, छत से कूदा आरोपी :: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और डीसीपी कुमार प्रतीक ने तुरंत टीम गठित की। तकनीकी सहायता से पुलिस आरोपी योगेश के ठिकाने तक पहुंची, जो देवास के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक किराए के कमरे में छिपा था। पुलिस को देखते ही आरोपी योगेश मल्टी की छत पर चढ़ गया और पकड़े जाने के डर से पड़ोसी की छत पर कूद गया। इस कोशिश में उसके दाहिने हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। :: आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड :: पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी योगेश उर्फ शेरा एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट और जालसाजी जैसे करीब 8 गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है और उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया है। इस त्वरित कार्रवाई में सहायक पुलिस आयुक्त (विजयनगर) पराग सैनी, लसूड़िया थाना प्रभारी और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज चंद घंटों में बच्चे की जान बचा ली। प्रकाश/08 अप्रैल 2026