व्यापार
10-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में वर्तमान में 7-सीटर कार के खरीदारों के लिए कई किफायती विकल्प मौजूद हैं, जो शहर और हाईवे दोनों पर आरामदायक सफर देते हैं। इस लिस्ट में निसान ग्राविट, रिनॉल्ट ट्रीबर, महिंद्रा बोलेरो, महिंद्रा बोलेरो नीयो और मारुति इर्टिगा जैसे मॉडल शामिल हैं। निसान ग्राविट इस सेगमेंट की सबसे सस्ती 7-सीटर एमपीवी मानी जा रही है, जिसकी शुरुआती कीमत करीब 5.65 लाख रुपये है। इसमें मॉड्यूलर सीटिंग, रियर एसी और अच्छा इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो इसे शहर के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त बनाता है। वहीं रिनॉल्ट ट्रीबर भी लगभग इसी कीमत पर उपलब्ध है और अपनी वर्सेटाइल सीटिंग व बेहतर माइलेज के कारण लंबे समय से लोकप्रिय बनी हुई है। अगर मजबूत और रफ-टफ एसयूवी की तलाश है तो महिद्रा बोलेरो एक भरोसेमंद विकल्प है, जो खराब सड़कों पर भी शानदार प्रदर्शन देती है। वहीं महिंद्रा बोलेरो नीयो उसी प्लेटफॉर्म पर ज्यादा मॉडर्न फीचर्स और बेहतर कम्फर्ट के साथ आती है। दूसरी ओर मारुति इर्टिगा फैमिली कार के रूप में सबसे संतुलित विकल्प मानी जाती है। इसमें ज्यादा स्पेस, बेहतर माइलेज और कम रनिंग कॉस्ट मिलती है, साथ ही सीएनजी विकल्प इसे और किफायती बनाता है। कुल मिलाकर, कम बजट में 7-सीटर कार खरीदने वालों के लिए ये पांचों मॉडल अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से बेहतरीन विकल्प साबित होते हैं। बता दें कि देश में बड़ी फैमिली के लिए 7-सीटर कार हमेशा पहली पसंद होती है, खासकर जब बजट सीमित हो और साथ में स्पेस, कम मेंटेनेंस और भरोसेमंद परफॉर्मेंस की जरूरत हो। सुदामा/ईएमएस 10 अप्रैल 2026