व्यापार
10-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। वित्त वर्ष 2026 में भारतीय बाजार में टाटा मोटर्स की कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सॉन और पंच ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। इस दौरान दोनों ही एसयूवीज की कुल बिक्री 4 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार कर गई है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एफवाय 2026 में नेक्सॉन की 2,16,054 यूनिट्स बिकीं, जबकि पंच की 1,83,980 यूनिट्स की बिक्री हुई, जिससे इनकी कुल बिक्री 4,00,034 यूनिट्स पर पहुंच गई। इस शानदार प्रदर्शन के साथ टाटा मोटर्स कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में अग्रणी बनी हुई है, जिसने मारुति, हुंडई और किआ जैसी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। इस सेगमेंट ने समग्र रूप से 6.3 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज करते हुए भारतीय ऑटो उद्योग के लिए एक प्रमुख विकास चालक के रूप में काम किया। नेक्सॉन की बिक्री में 32.5प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी गई, जबकि पंच की बिक्री में 6.4प्रतिशत की मामूली कमी के बावजूद, यह मारुति ब्रेजा से आगे निकलने में सफल रही। मारुति सुजुकी की ब्रेजा ने 1.80 लाख यूनिट्स (4.8प्रतिशत कमी) और फ्रॉन्क्स ने 1.72 लाख यूनिट्स (3.7प्रतिशत वृद्धि) के साथ मजबूत प्रदर्शन किया। हुंडई वेन्यू ने 1.17 लाख यूनिट्स और किआ सॉनेट ने 1.14 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। महिंद्रा की 3एक्सO ने 1.03 लाख यूनिट्स बेचकर 5.4प्रतिशत की वृद्धि हासिल की, वहीं स्कोडा कुशाक ने 381प्रतिशत की आश्चर्यजनक वृद्धि के साथ 49 हजार यूनिट्स बेचीं। हालांकि, हुंडई एक्सटर, निसान मैग्नाइट और मारुति जिम्नी जैसी कुछ एसयूवी की बिक्री में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई। सुदामा/ईएमएस 10 अप्रैल 2026