व्यापार
10-Apr-2026
...


वाशिंगटन,(ईएमएस)। फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने एआई इंडस्ट्री में बड़ा कदम उठाकर नया एआई मॉडल म्यूज स्पार्क लांच किया है। यह मॉडल मेटा के नए एआई डिविजन का प्रोडक्ट है, जिस पर कंपनी ने पिछले एक साल में भारी निवेश किया है। शुरू में इंटरनल नाम एवोकाडो दिया गया था, लेकिन अब मेटा के स्टैंडअलोन एआई एप पर लांच किया गया है। भविष्य में यह वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम और मेटा एआई स्मार्ट ग्लास में भी उपलब्ध होगा। पिछले कुछ समय में मेटा का एआई वॉट्सएप और इंस्टाग्राम पर प्रतिस्पर्धी मॉडल्स के मुकाबले पीछे रह गया था। म्यूज स्पार्क के लांच से कंपनी को उम्मीद है कि यह स्थिति बदल सकेगी। शुरुआती रिपोर्ट्स में म्यूज स्पार्क ने राइटिंग और रीजनिंग में बेहतर प्रदर्शन किया है और इस ओपनएआई, गूगल और एंथ्रोपिक के प्रमुख मॉडल्स के स्तर के करीब बताया जा रहा है। हालांकि कोडिंग क्षमता के मामले में यह अपने राइवल्स से थोड़ा पीछे है, जो आज के एआई प्रतिस्पर्धा में एक महत्वपूर्ण मानक बन चुका है। मेटा ने एआई टीम में भी बड़े बदलाव किए हैं। मार्क जकरबर्ग ने पिछले साल कई प्रमुख एआई टैलेंट को मोटी रकम देकर टीम में शामिल किया। 29 साल के एलेक्जेंटर वांग को चीफ एआई ऑफिसर नियुक्त किया गया, जबकि लामा-4 मॉडल पर काम करने वाली पुरानी टीम को बदल दिया गया। नए टीम में ओपनएआई, गूगल और अन्य राइवल कंपनियों से विशेषज्ञों को शामिल किया गया। मेटा ने म्यूज स्पार्क को बंद मॉडल के रूप में रखा है, यानी इसका कोड फिलहाल प्राइवेट है। पहले मेटा अपने एआई मॉडल्स को ओपन सोर्स करता था, जिससे डेवलपर्स को कोड का इस्तेमाल करने की अनुमति मिलती थी। एआई डेवलपमेंट में कंपनी का निवेश भी काफी बड़ा है। जकरबर्ग ने नए डेटा सेंटर और एआई प्रोजेक्ट्स के लिए 600 अरब डॉलर खर्च करने का प्लान बनाया है। साल 2026 में मेटा लगभग 135 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बना रही है, जो पिछले साल के 72 अरब डॉलर से दोगुना है। म्यूज स्पार्क के जरिए मेटा गूगल, ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों से आगे निकलने का प्रयास कर रही है। मॉडल की सफलता भविष्य में कंपनी के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन वास्तविक प्रभाव आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा। मेटा का यह कदम एआई इंडस्ट्री में नई प्रतिस्पर्धा और नवाचार की दिशा में बड़ा दांव माना जा रहा है। आशीष/ईएमएस 10 अप्रैल 2026