व्यापार
10-Apr-2026
...


- सेंसेक्स 400 अंक चढ़ा, निफ्टी 23900 के पार मुंबई (ईएमएस)। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। प्रमुख बैंकिंग शेयरों और रिलायंस इंडस्ट्रीज में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला, हालांकि अमेरिका-ईरान तनाव के कारण निवेशकों में सतर्कता भी बनी हुई है। बीएसई सेंसेकस 77,198 अंक पर खुला, जो पिछले सत्र के 76,631 अंक के बंद स्तर से काफी ऊपर था। शुरुआती कारोबार में यह 577.35 अंक की बढ़त के साथ 77,209 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह ‎निफ्टी 50 भी मजबूती के साथ 23,880 पर खुला। गुरुवार को यह 23,775 पर बंद हुआ था। सुबह करीब 9:22 बजे यह 186.80 अंक की तेजी के साथ 23,961.90 पर कारोबार करता दिखा। बाजार की इस तेजी में बड़े शेयरों की अहम भूमिका रही। ‎रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी ‎बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे इंडेक्स हैवीवेट स्टॉक्स में खरीदारी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी बाजार को सपोर्ट दिया। हालांकि, वैश्विक स्तर पर यूएस-ईरान तनाव अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है। इस कारण निवेशक पूरी तरह बेफिक्र नहीं हैं और सतर्कता के साथ निवेश कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में फिलहाल सकारात्मक रुझान बना हुआ है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। आईपीओ मार्केट में भी हलचल बनी हुई है। ओम पावर ट्रांसमिशन का आईपीओ दूसरे दिन के लिए खुला है, जिसे अब तक करीब 0.4 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इस आईपीओ का साइज 150.06 रुपये करोड़ है और यह 13 अप्रैल तक खुला रहेगा। इसकी लिस्टिंग 17 अप्रैल को हो सकती है। इसके अलावा, प्रॉपर्टी शेयर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट का IPO आज से खुल रहा है। इसका साइज 244.65 रुपये करोड़ है और यह पूरी तरह नए शेयरों का इश्यू है। यह IPO 16 अप्रैल तक खुला रहेगा और इसकी लिस्टिंग 24 अप्रैल को होने की संभावना है। सतीश मोरे/10अप्रेल ---