महासमुंद(ईएमएस)। जिले में एक बार फिर आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। ताजा मामला महासमुंद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत लभरा खुर्द का है, जहां एक कुंए से बोरी में बंद अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, विद्युत सब स्टेशन के पीछे स्थित जंगल के पास ग्रामीणों ने तेज दुर्गंध महसूस की थी। इसकी सूचना सरपंच को दी गई, जिसके बाद गांव के कोटवार को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान सितली नाला नहर से लगे पंप हाउस के पास स्थित कुंए में एक बोरी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। जब बोरी को बाहर निकालकर खोला गया, तो उसमें एक अज्ञात युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुंए से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के चेहरे को पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कुचल दिया गया था। इसके बाद शव को बोरी में भरकर पत्थरों से बांधकर कुंए में फेंक दिया गया था। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है और शव करीब 25 से 30 दिन पुराना है, जो पूरी तरह सड़-गल चुका था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने इस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है, ताकि शव की शिनाख्त की जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026