अंतर्राष्ट्रीय
10-Apr-2026
...


वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला दुनिया के सबसे कुख्यात चाइल्ड सेक्स ऑफेंडर जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा है। मेलानिया ने उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि उनके और एपस्टीन के बीच कभी कोई संबंध रहे हैं। उन्होंने एक कड़े बयान में इन आरोपों को मनगढ़ंत और अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश बताया है। मेलानिया ने स्पष्ट किया कि एपस्टीन ने कभी उन्हें डोनाल्ड ट्रंप से नहीं मिलवाया था और वे 1998 में न्यूयॉर्क की एक पार्टी में पहली बार मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि एपस्टीन की सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल से उनका कोई लेना-देना नहीं था। व्हाइट हाउस से जारी इस सफाई में उन्होंने खुद को सर्वाइवर के बजाय एक शिकार बताया, जिसे गलत तरीके से बदनाम किया जा रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी इस सफाई का उल्टा असर होता दिख रहा है। जैसे ही मेलानिया का बयान आया, इंटरनेट पर लायर (झूठी) ट्रेंड करने लगा। यूजर्स ने पुरानी तस्वीरें और 2002 का एक संदिग्ध ईमेल साझा करना शुरू कर दिया, जिस पर कथित तौर पर लव, मेलानिया लिखा है। कई ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं जिनमें मार-ए-लागो में ट्रंप, मेलानिया और एपस्टीन एक साथ मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। भले ही मेलानिया इन दावों को अज्ञानता बता रही हों, लेकिन डिजिटल सबूतों और पुरानी यादों ने फर्स्ट लेडी की प्रतिष्ठा पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। वीरेंद्र/ईएमएस/10अप्रैल2026