क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


मुंगेली(ईएमएस)। जिले में कलेक्टर कुंदन कुमार ने नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों का सघन निरीक्षण कर उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यों में धीमी प्रगति और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का निरीक्षण कर उसके डिजाइन, ड्राइंग और लागत का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि छत्तीसगढ़ के अन्य आधुनिक स्विमिंग पूलों का अध्ययन कर इसे बेहतर, आकर्षक और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए, ताकि यह आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो सके। गौरव पथ निर्माण कार्य में अत्यधिक देरी और काम रुके होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और सभी लंबित कार्यों को बारिश से पहले प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के आदेश दिए। इसके अलावा नालंदा परिसर निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह केंद्र जिले के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण स्थान बनेगा, जिससे भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं में चयन के अवसर बढ़ेंगे। नए नगरपालिका भवन के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने डिजाइन में आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। मुंगेली प्रवेश द्वार की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस जारी करने और तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार को शहर की पहचान के रूप में आकर्षक और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाना चाहिए। कलेक्टर कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026