क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन, किसानों की समस्याओं पर की सभा - जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह बोले- भेदभाव-भ्रष्टाचार मिटाने भाजपा को उखाड़ना होगा राजगढ़(ईएमएस)l जिला मुख्यालय पर गुरुवार को कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं, समर्थन मूल्य पर खरीदी में देरी और मंडियों की अव्यवस्था को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से कांग्रेस कार्यालय में शुरू हुई सभा करीब तीन घंटे तक चली। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शहर के ब्यावरा नाके पर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध दर्ज कराया और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम निधि भारद्वाज को सौंपा। सभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और किसानों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रियव्रत सिंह ने कहा कि यदि प्रदेश में भेदभाव और भ्रष्टाचार को समाप्त करना है तो भाजपा को जड़ से उखाड़कर फेंकना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हित में बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान आज भी परेशान हैं। प्रियव्रत सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के वर्षों पुराने बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने खेती को लाभ का धंधा बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि आज तक किसान को उसकी उपज का सही दाम नहीं मिल पाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था समय पर शुरू नहीं हो पाती और बार-बार तारीखें बदलने से किसान असमंजस में रहते हैं। कई मंडियों में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज लेकर भटकना पड़ रहा है। -निखिल/राजगढ़/10/4/2026