रायगढ़(ईएमएस)। जिले में खरीफ सीजन से पहले कृषि विभाग ने खाद-बीज की उपलब्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुसौर और रायगढ़ ब्लॉक में उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया, जहां अनियमितताएं मिलने पर बड़ी कार्रवाई की गई। जिला निगरानी टीम द्वारा पुसौर विकासखंड में की गई छापामार कार्रवाई के दौरान प्रधान ट्रेडर्स से 5 टन सिंगल सुपर फॉस्फेट और अग्रवाल खाद भंडार से 9.225 टन नीम लेपित यूरिया बिना पीओएस स्टॉक के पाया गया। इस पर कुल 14.225 टन उर्वरक जब्त कर लिया गया, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं रायगढ़ ब्लॉक के शंकर ट्रेडिंग कंपनी (कोतरा) और सेवा सहकारी समिति बायंग में अभिलेख अधूरे पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा घरघोड़ा क्षेत्र के महामाया जनरल स्टोर और अग्रवाल खाद भंडार में पीओएस और भौतिक स्टॉक में अंतर मिलने पर भी कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत कुल 16 दुकानों की जांच की गई, जिनमें से 5 दुकानों में गड़बड़ियां सामने आईं। कई स्थानों पर स्टॉक रजिस्टर का सही संधारण नहीं पाया गया, वहीं कुछ दुकानों में मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में अलग-अलग जांच टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026