नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 1700 क्वार्टर अवैध शराब और एक मारुति ईको कार जब्त की है। त्रिलोकपुरी निवासी सचिन कुमार नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूर्वी दिल्ली में पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1700 क्वार्टर अवैध शराब और एक मारुति ईको कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” अंकित था, जिसे अवैध रूप से दिल्ली में खपाया जा रहा था। डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्पेशल स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद ईको कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने कल्याणपुरी और त्रिलोकपुरी इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन तलाशी के दौरान 34 कार्टन में भरी 1700 क्वार्टर शराब बरामद कर ली गई। वहीं, जांच के दौरान पुलिस ने त्रिलोकपुरी निवासी 25 वर्षीय सचिन कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके घर में शराब उतारी और छिपाई जा रही थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले भी शराब तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/अप्रैल /2026