नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के पहले डबल-डेकर कॉरिडोर पर अब वाहनों की रफ्तार भी दिखेगी। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद डीएमआरसी ने अब फ्लाईओवर के रैंप बनाने की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले 6 महीनों में यमुना विहार से भजनपुरा के बीच वाहन दिल्ली में पिंक लाइन पर डबल डेकर कॉरिडोर के अधूरे पड़े फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि अगले डेढ़-दो महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद छह माह में इस कॉरिडोर के फ्लाईओवर का रैंप बनकर तैयार हो जाएगा। इससे दिल्ली के पहले डबल डेकर कॉरिडोर पर वाहन भी जल्द रफ्तार भर सकेंगे। फेज चार में बने पिंक लाइन एक्सटेंशन के मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर यमुना विहार से भजनपुरा के बीच डबल डेकर का निर्माण मेट्रो कॉरिडोर के साथ शुरू हुआ था। इस कॉरिडोर के सबसे ऊपरी डेक पर मेट्रो का कॉरिडोर बनाया गया है। जिस पर आठ मार्च से मेट्रो का परिचालन शुरू हो चुका है, लेकिन फ्लाईओवर का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। 1.4 किलोमीटर के इस कॉरिडोर पर फ्लाईओवर का वायाडक्ट बन चुका है। अब डीएमआरसी ने फ्लाईओवर के दोनों तरफ रैंप बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुल के दोनों ओर रैंप बनाकर उसे सड़क से जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह कॉरिडोर वाहनों के आवागमन के लिए भी तैयार हो जाएगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/अप्रैल /2026