जबलपुर, (ईएमएस)। मध्य प्रदेश शासन ने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब जबलपुर संभाग की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था की निगरानी सीधे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी करेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद यह नई व्यवस्था लागू की गई है। जबलपुर संभाग की निगरानी का जिम्मा 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार श्रीवास्तव को दिया गया है। वे वर्तमान में विशेष पुलिस महानिदेशक सीआईडी और विशेष पुलिस महानिदेशक सतर्कता के पद पर कार्यरत हैं। शासन ने उन्हें जोनल आईजी के कार्यों की समीक्षा और पर्यवेक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब जबलपुर संभाग में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सीधे वरिष्ठ स्तर से नजर रखी जाएगी। माना जा रहा है कि इससे अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही में सुधार होगा। सरकार का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना और अपराधों पर सख्त नियंत्रण करना है। अनुभवी अधिकारी की तैनाती से जबलपुर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम जनता का विश्वास और मजबूत होने की उम्मीद है। सुनील साहू / शहबाज / 10 अप्रैल 2026/ 05.14