लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल के बीच आज राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा यह सूची सार्वजनिक करेंगे। इससे पहले 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची में 12.55 करोड़ मतदाता शामिल थे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब फाइनल सूची में करीब 13.35 करोड़ मतदाताओं के शामिल होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक नए नाम जोड़ने के लिए 86.69 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरा, जबकि 3.18 लाख लोगों ने फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने का आवेदन दिया। जांच प्रक्रिया के दौरान 2.22 करोड़ मामलों में डेटा संबंधी गड़बड़ियां सामने आईं। पारिवारिक मिलान न होने और तकनीकी कारणों से करीब 2 करोड़ नाम सूची से हटाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नाम कटने की संभावना है। ड्राफ्ट सूची में 6.88 करोड़ पुरुष और 5.67 करोड़ महिला मतदाता दर्ज थे। अंतिम सूची में भी पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक रहने का अनुमान है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हट जाता है तो वह 15 दिनों के भीतर जिला अधिकारी के पास अपील कर पुनः नाम जुड़वा सकता है। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नाम अवश्य जांच लें। नंदिनी परसाई/10 अप्रैल 2026