बिलासपुर (ईएमएस)। अवैध रेत कारोबार की अंधी दौड़ ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। रात के सन्नाटे में हुआ यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की नाकामी की दर्दनाक तस्वीर बनकर सामने आया है। रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़वट में बुधवार-गुरुवार की दामियानी रात करीब 3.30 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। अवैध रूप से रेत भरकर लौट रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक सीजी 12 बीएस 5759 अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली में सवार दो नाबालिग उसके नीचे दब गए। इस घटना में 12 वर्षीय अमित कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार गढ़वट रेत घाट में लंबे समय से अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल जारी है। रात के अंधेरे में चलने वाले इस काले कारोबार में मासूम बच्चों की जान तक दांव पर लगाई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। ट्रैक्टर जब्त कर रतनपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। रेत माफियाओं पर नहीं अंकुश इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफियाओं को पहले ही छापेमारी की सूचना मिल जाती है, जिससे वे बच निकलते हैं। नतीजतन रेत का अवैध कारोबार बेखौफ जारी है और इसकी कीमत आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। मनोज राज 10 अप्रैल 2026