- समयसीमा में पूरा करने के निर्देश - निर्माण कार्यों का जायजा, नागरिकों को असुविधा न हो—कमिश्नर बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में चल रहे विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, साथ ही निर्माण के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कमिश्नर ने सबसे पहले अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना के तहत इंदिरा सेतु से अरपा सेतु तक बन रहे अटल पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सडक़ किनारे सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने, डिवाइडर एरिया में पौधारोपण करने और जल्द डामरीकरण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नदी किनारे बनाए गए नालों में शीघ्र स्लैब लगाने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने सिरगिट्टी और तिफरा क्षेत्र में भी चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय पर कार्य पूरा करना अनिवार्य है। बिजली पोल शिफ्टिंग के दिए निर्देश कमिश्नर गुरूनानक चौक से राजकिशोर नगर तिराहा तक चल रहे सडक़ चौड़ीकरण, नाला निर्माण और डामरीकरण कार्य का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीएसईबी से समन्वय कर बिजली पोल शिफ्टिंग जल्द कराने और नियमित पानी का छिडक़ाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि धूल से लोगों को परेशानी न हो। यह कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। सडक़ निर्माण का किया निरीक्षण कमिश्नर ने अशोक नगर से बिरकोना तक निर्माणाधीन सडक़ का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाधित बिजली पोल को एक सप्ताह के भीतर हटाने और मुख्य मार्ग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस मार्ग को लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से गौरवपथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। निर्माण के दौरान लगाए गए अवरोधक बोर्डों को हटाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मनोज राज 10 अप्रैल 2026